20 अक्टूबर 2009
वार्ता
सिडनी। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को मिनी विश्वकप (चैम्पियंस ट्राफी) का खिताब दिलाने वाले कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि भारत का बेशक चैम्पियंस ट्राफी में निराशाजनक प्रदर्शन रहा, लेकिन आगामी सात एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में भारतीय क्रिकेट टीम को उसी की सरजमीं पर हराना आसान नहीं होगा।
ऑस्ट्रेलिया की टीम अगले रविवार (25 अक्टूबर) से भारत में सात एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला खेलने उतरेगी।
पोंटिंग ने भारत दौरे पर रवाना होने से पूर्व संवाददाताओं से बातचीत में कहा-“ भारत को भारत में हराना वाकई बहुत ही कठिन है। भारत के पास एक मजबूत बल्लेबाजी क्रम है और भारतीय टीम अपनी सरजमीं पर सदैव बढिया प्रदर्शन करती है इसलिए ऑस्ट्रेलिया को जीत हासिल करने के लिए खासी मेहनत करने की जरूरत होगी।”
अपनी कप्तानी में कंगारूओं को दो एकदिवसीय विश्वकप दिलाने वाले पोंटिंग ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने हाल के दिनों में बढिया प्रदर्शन किया है और उन्हें किसी भी दृष्टि से कमजोर आंकने की भूल करना टीम के लिए भारी पड सकता है।
वनडे क्रिकेट में दुनिया की नंबर एक टीम के कप्तान पोंटिंग ने स्वीकार किया कि नियमित उपकप्तान और मध्यमक्रम बल्लेबाजी की रीढ माइकल क्लार्क और उभरते हुए बल्लेबाज कैलम फर्ग्युसन के न होने से टीम का संतुलन बिगड सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ श्रृंखला के दौरान अंतिम एकादश के चयन को लेकर टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं को खासा माथापच्ची करनी पडेगी। उन्होंने कहा कि क्लार्क और फर्ग्युसन के बिना आगामी श्रृंखला में बल्लेबाजी का क्या क्रम होगा इस बारे में उन्हें अभी से चिंता सताने लगी है।
उल्लेखनीय है कि क्लार्क इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट श्रृंखला के मैचों के दौरान चोटिल हो गए थे। उनकी रीढ की हड्डी में चोट लगी थी जिसके बाद वह चैम्पियंस ट्राफी मे टीम के विजयी अभियान का हिस्सा नहीं बन पाए थे। जबकि फर्ग्युसन को चैम्पियंस ट्राफी के दौरान घुटने में चोट लगी थी और इसके बाद वह अगले एक साल तक कंगारू टीम का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे।
पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज शेन मार्श के हैमिस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी का स्वागत करते हुए पोंटिंग ने कहा है कि इससे सलामी बल्लेबाजी की समस्या का समाधान हो जाएगा। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि छह माह के लंबे विश्राम के बाद मार्श से तुरंत अच्छी पारी की आस करना बेमानी होगी। मार्श को अप्रैल में पाकिस्तान के खिलाफ अबूधाबी में खेली गई पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के पहले मैच के दौरान चोट लगी थी।
कंगारू कप्तान ने टीम के नए विकेटकीपर बल्लेबाज टिम पैने की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने टीम को ब्रैड हैडिन की कमी का एहसास नहीं होने दिया और आलराउंडर शेन वाटसन के साथ मिलकर नेटवेस्ट श्रृंखला और चैम्पियंस ट्राफी में टीम को बढिया शुरूआत दिलाई।