05 जून 2009
रॉयटर्स
मेलबोर्न। ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी एंड्रयू साइमंड्स एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने टीम नियमों का उल्लंघन करके शराबखोरी में लिप्त होने के कारण उन्हें ट्वेंटी-20 विश्वकप से घर वापसी का टिकट थमा दिया हैं।
सीए के अध्यक्ष जेम्स सदरलैंड ने कल यहां आनन-फानन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि टीम के लिए बनाए गए नियमों की धज्जियां उड़ाने के कारण साइमंड्स को स्वदेश लौटने का फरमान जारी किया गया हैं। इस संवाददाता सम्मेलन का राष्ट्रीय टेलीविजन पर सीधा प्रसारण किया गया।
सदरलैंड ने कहा कि “साइमंड्स ने पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान कई बार टीम नियमों की धज्जियां उड़ाई जिसके कारण उन्हें स्वदेश लौटने को कहा गया हैं। हालांकि उनकी हरकतें गंभीर किस्म की नहीं हैं, लेकिन पिछले छह महीने से एक साल के दौरान उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों और सीए के साथ जो वादे किए थे उन पर पूरी तरह खरे नहीं उतरे।”
इस बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लंदन के ओवल मैदान पर अभ्यास किया जिसमें साइमंड्स नदारद थे। कप्तान रिकी पोंटिंग ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि “साइमंड्स ने अपनी हरकतों से अपना, टीम का और सीए का सिर शर्म से झुका दिया हैं। बतौर खिलाड़ी उनकी काबिलियत को लेकर कोई संदेह नहीं हैं लेकिन पिछले एक-दो दिनों में उन्होंने अपनी हरकतों से टीम से किए गए वादों को तोड़ दिया हैं।”
पोंटिंग ने भी कहा कि “साइमंड्स को वापस भेजने के फैसले को व्यापक संदर्भ में देखा जाना चाहिए। हम टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ टीम उतारना चाहते हैं जिसमें नवोदित खिलाड़ियों को भी मौका मिल सके।”
सीए ने साइमंड्स के स्थान पर किसी और खिलाड़ी को ट्वेंटी-20 टीम में शामिल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से मंजूरी मांगी हैं।