01 अप्रैल 2008
वार्ता
लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत द्वारा उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में तमाम कोशिशों के बावजूद पुलिस उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव में दो दिन से डेरा डाले पुलिस का लाव लश्कर टिकैत समर्थकों के उग्र तेवरों के चलते अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सका है।
किसानों के बुजुर्ग नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें उनके गांव सिसौली से गिरफ्तार करने के प्रयासों से समूचे इलाके में जबरदस्त तनाव अभी भी बना हुआ है। पुलिस ने भी टिकैत को गिरफ्तार करने के मामले में संयमित रवैया अख्तियार कर रखा है, ताकि सिसौली में कल हुई घटना की पुनरावृति न हो।
दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े हैं और उनके बीच कोई समझौता नहीं हो पा रहा है।
टिकैत के समर्थन में उतरे मुलायम एक ओर भाकियू इस मसले को लेकर 8 अप्रैल को किसान महापंचायत आयोजित करने का ऐलान कर चुकी है, वहीं दूसरी ओर सरकार इस बात पर कायम है कि टिकैत को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सिसौली में स्थिति तनावपूर्ण किंतु नियंत्रण में है। खूनखराबे से बचने के लिए ही टिकैत की गिरफ्तारी में संयम बरता जा रहा है।
गौरतलब है कि बिजनौर में रविवार को संपन्न स्वाभिमान रैली में मायावती के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के मामले मे टिकैत के खिलाफ नगर कोतवाली में अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस टिकैत समर्थकों के प्रतिरोध की वजह से उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी थी और वे अपने सिसौली गांव सकुशल पहुंच गए थे।
भाकियू नेता को गिरफ्तार करने कल सुबह पहुंची मुजफ्फरनगर तथा आसपास के जिलों की पुलिस ने सिसौली की घेराबंदी कर ली थी, लेकिन टिकैत समर्थकों ने जबरदस्त पथराव करके उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।
टिकैत की गिरफ्तारी को लेकर बवाल लाठियां भांजने और आंसू गैस के गोले दागने के बावजूद चौधरी महेन्द्र सिंह टिकैत को कल भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका। हालांकि पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में उनके पुत्र सुरेन्द्र टिकैत समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
इसबीच प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक, कानून व्यवस्था, बृजलाल ने आज यहां बताया कि टिकैत को गिरफ्तार करने के लिए मेरठ जोन के पुलिस महानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक और मुजफ्फरनगर के आसपास के जिलों के पुलिस बल के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को लगाया गया है। एहतियातन क्षेत्र में सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए हैं।
प्रदेश के गृह विभाग के प्रमुख सचिव जे.एन. चैम्बर ने कल शाम भाकियू नेता की गिरफ्तारी के लिए किसी समझौता फॉर्मूले को अपनाए जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा था कि टिकैत ने अपराध किया है और उन्हें हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा।
उधर टिकैत के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने और सिसौली में भाकियू कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किए जाने को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बिजनौर में रविवार को संपन्न रैली के दौरान टिकैत के साथ मंच पर मौजूद राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह के अलावा समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और अपना दल समेत समूचा विपक्ष सरकार के खिलाफ लामबंद नजर आ रहा है। सभी ने एक सुर से सिसौली में किसानों के खिलाफ की गई बर्बर कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया है।