08 मई 2008
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
कोलकाता। गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर के प्रति अथाह श्रद्धा रखने वाले कोलकातावासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए कोलकाता आईपीएल टीम के मालिक और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने बैंगलोर और अपनी टीम के बीच आज ईडन गार्डन में खेले जाने वाले मैच से पहले आयोजित होने वाले अपने संगीत कार्यक्रम को टाल दिया है।
दरअसल, गुरुवार 8 मई को गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर का जन्मदिन है और यही कारण है कि पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री सुभाष चक्रवर्ती चाहते थे कि आज के दिन शाहरुख स्टेडियम में बॉलीवुड संगीत का कार्यक्रम पेश न करें।
पढ़ें: पेरिस में भी लगा शाहरुख का पुतला शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज के इवेंट मैनेजर मोहम्मद मोरानी ने आईएएनएस को बताया कि, “मैच से पहले शाहरुख 10 मिनट का संगीत का कार्यक्रम पेश करने वाले थे। लेकिन रवींद्र जयंती और गुरुदेव के प्रति कोलकातावासियों के मन में अथाह सम्मान को ध्यान में रखकर किंग खान ने बॉलीवुड संगीत नहीं पेश करने का फैसला किया है। इसकी जगह हमने कोलकाता के जाने-माने कलाकारों को बुलाया है, जो रवींद्र संगीत और नृत्य पेश करेंगे।”
पढ़ें: आईपीएल हिट, शाहरुख पांचवी..फेल मोहम्मद मोरानी ने यह भी कहा कि, “स्टेडियम के जे-ब्लॉक में गुरुदेव की विशालकाय तस्वीर रखी जाएगी। कार्यक्रम शुरू होने से पहले शाहरुख उस पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान फिल्म कलाकार सैफ अली खान और करीना कपूर के भी मौजूद रहने की उम्मीद है।”
और पढ़ें: शाहरुख को शुभकामनाएं- अमिताभ गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री सुभाष चक्रवर्ती ने मंगलवार को कहा था कि, “गुरुवार को गुरुदेव के जन्मदिन पर कोलकाता के लोग इस दिन उनके महान गीतों और संगीत के माध्यम से याद करते हैं। इस मौके पर शाहरुख का कार्यक्रम किसी भी लिहाज से उचित नहीं है।”