22 जून 2009
वार्ता
दुबई। अफगानिस्तान में अल-कायदा के एक बड़े नेता ने कल कहा कि उनका संगठन पाकिस्तान के परमाणु हथियार हाथ लगने पर उनका इस्तेमाल अमेरिका के विरुद्ध अपनी लड़ाई में करेगा।
‘अल-जजीरा’ टेलीविजन को कल दिए साक्षात्कार में अल-कायदा नेता मुस्तफा अबुल अल याजिद ने कहा कि उसके मुजाहिद्दीन पाकिस्तानी परमाणु हथियारों को हासिल कर उनका इस्तेमाल अमेरिकियों के विरुद्ध करेंगे।
उसने कहा, “हमें आशा है कि स्वात में तालिबान से लड़ रही पाकिस्तानी फौज की हार होगी”।
उसने स्पष्ट किया कि अल-कायदा की मौजूदा रणनीति में कोई बदलाव नहीं आया है और आज भी अमेरिका ही उनका सबसे बड़ा दुश्मन है।
अल-कायदा नेता ने कहा कि उनका संगठन अमेरिकियों के खिलाफ अपना व्यापक अभियान जारी रखेगा।
अबु अल याजिद ने कहा कि यदि अमेरिकी फौजें देश से वापस चली जाएं, तो अल-कायदा युद्धविराम के लिए तैयार हो सकता है। साथ ही उसने यह भी कहा कि अमेरिका इजरायल का पक्ष लेना बंद करे।
अल-कायदा नेता ने कहा कि अमेरिका की लाख कोशिशों के बावजूद उसके सर्वोच्च नेता ओसामा बिन लादेन तथा अयमान अल जवाहिरी सुरक्षित और दुश्मन की पहुंच से दूर हैं।