|
|
|
|
|
| बड़ी खबरें: |
| ads by google |
29 जुलाई 2009
वार्ता
इस्लामाबाद। पाकिस्तानी जांचकर्ताओं को पिछले वर्ष हुए मुम्बई हमलों में आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा के प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने के ठोस सबूत मिले हैं।
| भारत में फिर हमला करेगा लश्कर: पत्रिका |
| “मुम्बई हमलावरों को नहीं सौंपेगा पाक” |
| अमेरिका को लश्कर से खतरा: सीआईए |
पाकिस्तान समाचार पत्र “डॉन” के मुताबिक पाकिस्तान जांचकर्ताओं द्वारा इस माह के आरंभ में, 11 जुलाई को भारत को सौपे गये ताजा सबूतों से पता चलता है कि मुम्बई आतंकवादी हमलों की पूरी साजिश लश्कर ए तैयबा ने रची थी।
इन साक्ष्यों से पता चलता है कि लश्कर ने मुम्बई हमलों में शामिल रहे आतंकवादियों को प्रशिक्षण और हथियार उपलब्ध कराये थे। इन सबूतों को लश्कर के कराची और तटीय थाट्टा कस्बे में स्थित ठिकानों से बरामद किया गया था।
मुम्बई हमलों की जांच कर रही “एफआईए” के जांचकर्ताओं ने आतंकवादियों को प्रशिक्षण, धन और हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों के विषय में कुछ नये और चौंका देने वाले तथ्यों का पता लगाया है।
उनके मुताबिक इस बात में अब कोई संदेह नहीं है कि मुम्बई पर हुये आतंकवादी हमले लश्कर ने कराये थे। लश्कर के आतंकवादियों ने ही इन हमलों की साजिश रची, हमले की पूरी योजना बनाई, धन उपलब्ध कराया और इन हमलों को क्रियान्वित करने के लिये संचार नेटवर्क विकसित किया।
इन ताजा सबूतों ने, मुम्बई हमलों में शामिल लश्कर के पांच आतंकवादियों के खिलाफ पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर की आतंकवाद निरोधक अदालत में चल रही सुनवाई के लिये आधार दे दिया है। इन पांचों आंतकवादियों को पाकिस्तान ने गिरफ्तार किया था।
पाकिस्तानी जांचकर्ताओं के मुताबिक लश्कर के इन ठिकानों से हाथ से लिखी गई डायरी, प्रशिक्षण के नियम, लाइफ बोट, भारत के नक्शे तथा संपूर्ण अभियान के दिशा निर्देश बरामद किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये पांचों लश्कर कमांडर मुम्बई हमले में शामिल रहे आतंकवादियों के लिये प्रशिक्षण शिविर चला रहे थे।
उन्होंने आतंकवादियों को नौपरिवहन का विशेष प्रशिक्षण, खुफिया सूचनायें तथा दिशा निर्देश प्रदान किये।
नये साक्ष्यों के मुताबिक आतंकवादियों का प्रशिक्षण शिविर का “कोडनेम” अजीजाबाद था जोकि कराची स्थित लश्कर शिविर में आयोजित किया गया था।
आतंकवादियों ने इसके अलावा थाट्टा के शिविर में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया था।
जांचकर्ताओं ने यहां से जेबी डायरियां बरामद की जिसमें सभी आरोपियों के नाम तथा शिविर में होने वाले खर्चे के विषय में लिखा गया है।
ज्ञातव्य है कि पाकिस्तान ने लश्कर के पांच कमांडरों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुंबई में हुये भीषण आतंकवादी हमलों की योजना बनाने वाले जकीउर रहमान लखवी और जरार शाह के अलावा हम्माद अमीन सादिक, मजहर इकबाल तथा शाहिद जमील रियाज शामिल हैं।
मुंबई हमलों में शामिल रहे एकमात्र जीवित आतंकवादी और पाकिस्तानी नागरिक अजमल आमिर कसाब ने पूंछताछ के दौरान बताया था कि लखवी और जरार शाह ने इन हमलों के लिये प्रशिक्षण और आतंकवादियों को भेजने का काम किया था।
इन पांचों आरोपियों को शनिवार को उच्च सुरक्षा वाले रावलपिन्डी स्थित आतंकवाद निरोधक अदालत में पेश किया गया था। लखवी, जरार शाह और मजहर इकबाल पर मुम्बई हमलों की योजना बनाने. तैयारी करने, उसे अंजाम देने और हमलों में शामिल 10 आतंकवादियों को निर्देश देने का आरोप लगाया गया है।
इन आतंकवादियों पर लगाये गये आरोपपत्र के मुताबिक इन लश्कर आतंकवादियों के मुम्बई हमलों में शामिल होने के पर्याप्त मौखिक, दस्तावेजी, परिस्थितिवश और वैज्ञानिक साक्ष्य मौजूद हैं।
इस मामले की सुनवाई 29 अगस्त तक के लिये स्थगित हो गई है।
जकीउर रहमान लखवी को मुंबई पर हुये आतंकवादी हमलों का मास्टरमांइड माना जाता है।
जरार शाह एक कम्प्यूटर विशेषज्ञ है और उस पर आतंकवादियों को संचार व्यवस्था उपलब्ध कराने का आरोप है, जबकि मजहर इकबाल ने इस पूरे अभियान को निर्देशित किया था।
| ads by google |

ख़बरें
सबसे ज्यादा पाठकों की राय
तस्वीरें
सबसे ज्यादा पाठकों की राय
वीडियो
सबसे ज्यादा पाठकों की राय
क्रिकेट समाचार