04 नवंबर 2009
वार्ता
नई दिल्ली। राजधानी स्थित देश के सबसे प्रतिष्ठित अस्पताल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की इमारत भूकंप की दृष्टि से सुरक्षित नहीं है। यह बात आज यहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रूड़की में मानद प्रोफेसर ए.एस.आर्य ने कही।
प्रोफेसर आर्य ने यहां दूसरी भारत आपदा प्रबंधन कांग्रेस के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भूकंप की दृष्टि से एम्स की इमारत का अध्ययन करने पर पाया गया कि यह सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि उसके एक ब्लॉक की स्थिति तो ज्यादा ही खराब पाई गई।
उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल में प्रधानमंत्री इलाज कराने जाते हों, उसकी ऐसी स्थिति होना चिंताजनक है। उन्होंने इस अवसर पर मौजूद केंद्रीय गृहसचिव जी.के.पिल्लै तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान के उपाध्यक्ष जनरल एन.सी.विज से एम्स की इमारत के संबंध में उचित उपाय करने का अनुरोध किया।