|
|
उ.प्र. में उपचुनाव के लिए मतदान आरंभ
|
07 नवंबर 2009
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 और लोकसभा की एक सीट के उपचुनाव के लिए शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया।
सुबह आठ बजे से मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई है। 49 लाख मतदाता 3,680 मतदान केंद्रों पर जाकर अपने मताधिकार का उपयोग कर 177 प्रत्याशियों के भाग्य के फैसला करेंगे।
फिरोजाबाद लोकसभा सीट के अलावा प्रदेश विधानसभा की जिन 11 सीटों के लिए उपचुनाव हो रहा है, उनमें शाहजहांपुर जिले की पूवायां, लखनऊ की लखनऊ-पश्चिम, सुल्तानपुर की इसौली, संत कबीर नगर की हैसर बाजार, कुशीनगर की पडरौना, वाराणसी की कोलअसला, जौनपुर की रारी, इटावा की सदर और भरथना, ललितपुर की ललितपुर सदर और झांसी जिले की झांसी सीटें शामिल हैं।
मतदान को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रथम बृजलाल ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के लिए राज्य की पुलिस के अलावा 42 कंपनी प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी), 26 कंपनी केंद्रीय अर्ध सैनिक बल (सीपीएमएफ) और दूसरे राज्यों से मंगाए गए सुरक्षा बलों की 45 कंपनी तैनाती की गई हैं।
इन उपचुनावों में सबकी निगाहें जिस सीट पर रहेंगी, वह है फिरोजाबाद लोकसभा सीट। यहां से समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिंपल यादव पार्टी की उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के प्रत्याशी राज बब्बर से है।
इसके अलावा जिन विधानसभा सीटों पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी उनमें सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के लोकसभा पहुंचने से रिक्त भरथना विधानसभा सीट, लालजी टंडन के इस्तीफे से खाली लखनऊ पश्चिम सीट और केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन के लोकसभा पहुंचने से रिक्त हुई झांसी विधानसभा सीट शामिल हैं।
यह खबर आपको कैसी लगी
10 में से 0 वोट मिले
पाठकों की राय 10 फरवरी 2010