20 नवंबर 2009
वार्ता
अमेठी। कांग्रेस महासचिव और अमेठी के सांसद राहुल गांधी यात्रा और पूर्व कार्यक्रम में काफी थक गए थे, लिहाजा फुरसतगंज हवाई अड्डे से गौरीगंज तक प्रियंका गांधी वड्रा कार चला कर ले गईं।
श्री गांधी अपने संसदीय क्षेत्र के एक दिन के दौरे पर आज यहां आए। उनके साथ हरी साड़ी पहने बहन प्रियंका भी थीं। प्रियंका यहां कल तक रुकेंगी, क्योंकि उनके पति के एक कर्मचारी के घर में विवाह है। वे खासकर उसमें हिस्सा लेने आई हैं।
देसी हो या विदेशी,बहू हो अच्छी: प्रियंका
श्री गांधी के पिछले सितंबर में बहराइच दौरे में सुरक्षा को लेकर काफी सवाल उठाया गया था। राज्य सरकार ने सुरक्षा के सवाल पर केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भी भेजा था। सुरक्षा को लेकर ही पत्रकारों को भी श्री गांधी से दूर ही रखा गया था। दूर से ही सही, पत्रकारों ने प्रियंका द्वारा कार चलाए जाने पर श्री गांधी से सवाल दाग ही दिया।
राहुल ने नपा-तुला जवाब दिया कि मैं पूर्व कार्यक्रम तथा सफर के कारण थक गया था, अब वापसी में कार मैं ही चलाऊंगा, प्रियंका नहीं।
राहुल गांधी ने साइकिल पर की सुबह की सैर
श्री गांधी और प्रियंका गांधी वड्रा गौरीगंज के हरगवां गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से मिले। समूह में लगभग पचास महिलाएं थीं। दोनों ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूह के बारे में बताया और यह भी समझाया कि इससे किस तरह उनका आर्थिक और सामाजिक विकास होगा।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करने के बाद दोनों मुंशीगंज गए। मुंशीगंज में भी दोनों ने स्वयं सहायता समूह को संबोधित किया और इसके बारे में महिलाओं को जानकारी दी।
श्री गांधी आज शाम दिल्ली वापस चले जाएंगे।